सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में पहुंचे राम, गुरबक्श रावत(बीच में) पहली बार राम बनी।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में दर्शक एक साथ सौ राम से रूबरू हुए। जनसेवा वेलफेयर सोसाइटी चंडीगढ़ की ओर से आयोजित लाइट एंड साउंड रामलीला व सम्मान समारोह में ट्राइसिटी और हरियाणा से विभिन्न रामलीलाओं के सौ के करीब राम ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को शहर में आयोजित होनी वाली रामायण के लेखक यशवंत सिंह वर्मा, निर्देशक सुरेश बक्शी और समाजसेवी मदन लाल गुप्ता को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में लेखक यशवंत के परिवारजनों की ओर से सभी राम को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला मंचन से हुई। रामलीला के पहले अंश में राम वनवास तक की कहानी को दिखाया गया। इंटरवल के बाद राम वनवास से लेकर रावण वध तक की कहानी को मंच पर दिखाया गया है। कार्यक्रम के अंत में अलग-अलग रामलीला कमेटियों से आए राम को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह से पहले रामजी का आरती उतारी गई। रामलीला का निर्देशन प्रदीप रावत की ओर से किया गया। पहली बार राम और लक्ष्मण का किरदार लड़कियों की ओर से निभाया गया। इसमें कांग्रेस पार्षद गुरबक्श रावत ने भी भाग लिया।