मनीमाजरा। मनीमाजरा में कॉलेज बनाने की मांग दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने मंगलवार को कॉलेज की मांग के लिए शाम के समय कैंडल मार्च निकालने का फैसला किया है। इसमें वार्ड-4 की पार्षद सुमन शर्मा, वार्ड-5 की पार्षद दर्शना रानी उनकी टीम और समस्या समाधान टीम के संयोजक मनोज शुक्ला, इंदिरा कॉलोनी और मनीमाजरा के निवासियों सहित युवा वर्ग व बच्चे शामिल होंगे।
विज्ञापन
समाजसेवी हरप्रीत सिंह, कुलवंत सिंह जग्गा के अलावा चंडीगढ़ स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के डायरेक्टर सुरजीत सिंह ढिल्लो, संजीव गाबा आदि भी भाग लेेंगे। डायरेक्टर सुरजीत सिंह ढिल्लो ने अपने तरफ से कॉलेज बनाने के लिए पांच लाख रुपये देने तक का एलान कर दिया। आसिफ चौधरी स्टेट चेयरमैन माइनॉरिटी यूथ इन चंडीगढ़ ने कहा कि वह भी टीम के साथ इस मार्च में शामिल होंगे। उनका कहना कि मनीमाजरा में कॉलेज बनेगा तो इसका लाभ गांव किशनगढ़, बापूधाम और आसपास के एरिया के बच्चों को मिलेगा। यह सब मिलकर कैंडल मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने आसपास के लोगों को मंगलवार शाम 6:00 बजे निकाले जाने कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की।