चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया के आह्वान पर नशामुक्त चंडीगढ़ अभियान के तहत शनिवार को सेक्टर-45 स्थित कम्युनिटी सेंटर में जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया। डीजीपी सागरप्रीत हुड्डा ने लोगों को नशे के खिलाफ सहयोग की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है और लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि नशा बेचने वालों के लिए चंडीगढ़ में कोई जगह नहीं है। वार्ड-34 के पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने नशे के आदी लोगों को मुख्यधारा में लाने और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई। उन्होंने बुड़ैल चौकी में पुलिसकर्मियों की संख्या 25 से बढ़ाकर कम से कम 50 करने और सेक्टर-45डी में मंजूर पुलिस पोस्ट का निर्माण जल्द शुरू करने की मांग रखी। मौके पर पार्षद कंवर राणा, डीएसपी गुरजीत कौर, थाना प्रभारी शादी लाल सहित कई लोग मौजूद रहे।