भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित पंजाब के गुरदासपुर के गांव जग्गू चक्क टांड़ा में बुधवार देर शाम फिर आसमान में ड्रोन नुमा चमकती चीज स्थानीय लोगों ने देखी। इसे लेकर गांव के लोग अपने-अपने कयास लगा रहे हैं, कोई उसे सेटेलाइट, कोई तारा, कोई उड़नतश्तरी, कोई जहाज बता रहा है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस, आर्मी एवं बीएसएफ सभी अपने स्तर पर पड़ताल करने में जुटी है। एहतियात के तौर पर पुलिस और सेना ने इलाके में फिर से सर्च अभियान चलाया।
पिछले दिनों गांव के कुलदीप सिंह ने दो बार आसमान में ड्रोन नुमा चीज देखी थी। यह ड्रोन नुमा चीज भारतीय इलाके के चार किलोमीटर के अंदर दिखी। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी तथ्यों पर गौर करने के बाद पाया कि हो सकता है कि गांव में ही किसी शरारती ने शादी में वीडियोग्राफी करने वाला ड्रोन उड़ाया हो।
बीएसएफ ने भी अपने स्तर पर चेकिंग की। आर्मी एवं पुलिस ने गांव में तलाशी अभियान चला कर ड्रोन संबंधी छानबीन की गई। वहीं बुधवार देर शाम रामकुमार नामक व्यक्ति ने हवा में उड़ती ड्रोन नुमा चीज देखी। उसने पाकिस्तान से ड्रोन आने संबंधी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जांच के बाद ड्रोन न होने की पुष्टी की।
क्या कहते हैं डीआईजी और एसएसपी
डीआईजी राजेश शर्मा ने बताया कि दोबारा जग्गू चक्क गांव वासियों ने हवा में उड़ती चीज देखी है, जो अंतरराष्ट्रीय बार्डर से करीब चार से पांच किलोमीटर दूर है। उन्होंने कहा कि यही लग रहा है कि कोई शरारती तत्व जानबूझ कर ऐसी हरकत कर रहा है और बिना वजह लोगों में भय का माहौल पैदा कर रहा है। बीएसएफ के जवान भी अपने स्तर पर गांव में पड़ताल कर रहे है।
एसएसपी गुरदासपुर राजिंदर सिंह सोहल ने भी साफ तौर पर कहा कि कोई ड्रोन नहीं आया। उन्होंने शक जताया कि हो सकता है कि कोई शरारती तत्व कोई चमकती चीज जानबूझकर लोगों के सामने ला रहा है। सर्च अभियान चलाया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही सच सबके सामने आ जाएगा।