चंडीगढ़। हाउसिंग बोर्ड से भारतीय एयरफोर्स हेरिटेज म्यूजियम चाैक तक लग रहा ट्रैफिक जाम लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। आम दिनों में 20 मिनट में तय होने वाला सफर अब 50 मिनट से ज्यादा में पूरा हो रहा है। सोमवार को बिना बारिश के भी यहां भारी जाम लगा रहा। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन रेंगते-रेंगते मंजिल तक पहुंचे। ट्रैफिक पुलिसकर्मी लाइट पॉइंट के पास कुर्सी पर बैठे रहे।
राहगीरों का कहना है कि इस समस्या की सबसे बड़ी वजह ट्रैफिक सिग्नल पर टाइमर सिस्टम है। कई बार एक तरफ लंबी लाइन लग जाती है, जबकि दूसरी ओर का रास्ता खाली दिखता है। ऐसे में वाहन चालक और भी ज्यादा परेशान हो जाते हैं। लोगों का मानना है कि यहां मैनुअल कंट्रोल बेहतर रहेगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हालात देखकर सिग्नल को नियंत्रित करें तो जाम जल्दी खत्म हो सकता है। शहर निवासियों में मनोज कुमार, रामकुमार, संजय शर्मा, किरण, सरोज आदि ने बताया कि वह रोजाना इस रोड से ऑफिस आते-जाते हैं। बिना बारिश के भी सोमवार को 45 मिनट जाम में फंसे रहे। रोजाना ऐसे ही हालत बन रहे हैं। बेहतर होगा कि ट्रैफिक पुलिस यहां मैनुअल तरीके से सिग्नल को कंट्रोल करे। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में यहां और लंबा जाम लगता है।
प्रशासन को जल्द उठाने होंगे
शहरनिवासियों का कहना है कि इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन को जल्द कदम उठाने होंगे। अगर सामान्य दिनों में इतनी मुश्किल हो रही है, तो बरसात में हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं। ऑटोमेटिक और मैनुअल, दोनों सिस्टम का संतुलित इस्तेमाल ही ट्रैफिक जाम की समस्या को कम कर सकता है। वाहन चालक प्रवीन ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित रह गई है। वाहन चालक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि जाम के कारण जीरकपुर से किसान भवन चौक तक पहुंचने के लिए उनका 20 के बजाय 45 लग रहे हैं। इसी तरह शाम के समय उन्हीं इसी रास्ते पर वापस घर लौटते समय जाम में फंसना पड़ता है।
शहर में जहां-जहां भी सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है, वहां सुधार के लिए तुरंत कदम उठाए जाएंगे। -डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, डीजीपी चंडीगढ़