हरियाणा में पेंशन घोटाले में कई बड़े अफसरों पर गाज गिर सकती है। घोटाले की जांच शुरू हो चुकी है। पिछले कुछ सालों में प्रदेश में भारी संख्या में अयोग्य लोगों को पेंशन का हकदार बताकर राशि जारी की गई।
इसमें कई बड़े अधिकारियों की मिलीभगत बताई जा रही है। हरियाणा में बुढ़ापा, विकलांग, विधवा और लाडली सामाजिक योजना के तहत पेंशन दी जा रही है।
कांग्रेस सरकार के शासनकाल में अयोग्य लोगों को दी जा रही पेंशन को लेकर कई बार शिकायतें हुईं, लेकिन सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इन शिकायतों की जांच का निर्देश दिया है। उन्होंने विधानसभा में भी कहा कि समाज कल्याण विभाग ने पेंशन वितरण में करोड़ों का घोटाला किया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हरियाणा की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कविता जैन ने घोटाले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
उन्होंने संबंधित विभागों से पेंशन योजना के लाभार्थियों की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द देने को कहा है। एक जानकारी के मुताबिक लगभग 29 हजार अयोग्य लोग पेंशन ले रहे हैं।
वर्जन........
पेंशन में गड़बड़ी को लेकर अलग-अलग जगहों से कई लिखित शिकायतें मिली हैं। इनकी जांच करवाई जा रही है। विभागीय अधिकारियों को जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है। गड़बड़ी में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-कविता जैन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री