चंडीगढ़ प्रशासन ने बुढ़ापा और विधवा पेंशन 500 से बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दी है। बढ़ी हुई पेंशन अप्रैल माह से ही मिलने लगेगी। इस माह सभी को पेंशन बढ़कर ही मिलेगी। इसके अलावा पेंशन के लिए पारिवारिक वार्षिक आय की सीमा को भी 12 हजार से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये कर दिया गया है। जिससे बहुत से नए लोग भी अब पेंशन का लाभ ले सकेंगे। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आने वाले लोग भी योग्य होंगे।
इस समय चंडीगढ़ में 10 हजार 300 बुजुर्ग और 6400 विधवा पेंशन ले रही हैं। दिव्यांग और बेसहारा पेंशनधारकों की संख्या करीब 3300 है। इस बढ़ी हुई पेंशन का लाभ बेसहारा बच्चों को भी मिलेगा। दिव्यांग बच्चों की पेंशन भी रिवाइज की जा रही है। यह पेंशन हरियाणा की तर्ज पर बढ़ाई जानी है।
अभी दिव्यांग को 500 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलती है, इसे बढ़ाकर 2100 रुपये करने की तैयारी है। पेंशनधारकों की एसोसिएशन प्रशासन से लगातार बढ़ोतरी की मांग कर रही थी। इसके बाद डीसी अजीत बालाजी जोशी ने सभी पेंशन रिवाइज करने के आदेश दिए थे।
सीधे बैंक खाते में ही आएगी पेंशन
अप्रैल से ही सभी की पेंशन सीधा बैंक खातों में ही आने लगेगी। अभी कुछ लोगों की पेंशन खातों में आ रही है। अब बुजुर्गों को घंटों लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। पेंशनधारकों को रुपये डेबिट कार्ड जारी किया जा रहा है। जिससे वह किसी भी एटीएम से अपनी पेंशन निकलवा सकते हैं।