अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब ऊर्जा विकास एजेंसी (पेडा) ने भवनों, उद्योगों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे में ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए दो शैक्षणिक संस्थानों के साथ समझौते किए हैं।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और भाई गुरदास इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, संगरूर के साथ यह सहयोग आरएंडडी परियोजनाओं के लिए किया गया है। उनका कहना था कि इन समझौतों का उद्देश्य सरकार, शैक्षणिक संस्थानों और विद्यार्थियों के बीच मजबूत सहयोग विकसित करना और पंजाब में ऊर्जा खपत को कम कर दक्षता बढ़ाना है।
इस पहल के तहत विद्यार्थियों को ऊर्जा से संबंधित अनुसंधान, क्षेत्रीय अध्ययन, प्रौद्योगिकी विकास और पायलट परियोजनाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग ने कहा कि यह सहयोग पंजाब के ऊर्जा संरक्षण लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देगी, विद्यार्थियों और फैकल्टी की क्षमताओं में वृद्धि करेगी और कार्बन उत्सर्जन कम कर स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में पंजाब के लिए लाभकारी साबित होगी।