चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज अगले सेशन 2020-21 में विद्यार्थियों को वर्चुअल क्लासरूम से पढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए मसौदा तैयार कर लिया गया है और अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द ही फाइनल फैसला ले लिया जाएगा।
पेक डायरेक्टर धीरज सांघी ने बताया कि हम हर साल जुलाई के दूसरे हफ्ते में सेशन की शुरुआत कर देते हैं। इस बार भी हम जुलाई में सेशन शुरू करने की तैयारियों में लगे हैं। कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में अभी कुछ फाइनल नहीं है कि जुलाई में सरकार कॉलेज खोलने की अनुमति दे। अगर जुलाई में कॉलेज नहीं खुलते हैं तो हम अगले सेशन में विद्यार्थियों की वर्चुअल क्लासरूम के द्वारा क्लासेज लगवाएंगे।
वहीं हमारे कॉलेज में कुछ विद्यार्थी ऐसे हैं, जो ग्रामीण परिवेश से संबंध रखते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल खोले जाएंगे, वे कॉलेज कंप्यूटर लैब की सहायता से क्लासेज अटेंड करेंगे। जिससे उन्हें नेटवर्क कनेक्टिविटी जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड़े। बता दें कि उत्तर भारत में अगला सेशन वर्चुअल क्लासरूम के द्वारा शुरू करने वाला पेक पहला कॉलेज है।
विद्यार्थियों की करवाई जा रही ऑनलाइन प्लेसमेंट
डायरेक्टर सांघी ने बताया कि आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों की ऑनलाइन प्लेसमेंट चल रही है। ज्यादातर विद्यार्थियों की प्लेसमेंट हो चुकी है। लेकिन एक दो कंपनियों ने लॉकडाउन के कारण ऑफर वापस कर दिए। इसलिए कॉलेज ने बचे हुए विद्यार्थियों के लिए सोमवार से दोबारा प्लेसमेंट ड्राइव शुरू करवाई है। हम कंपनियों को लगातार अप्रोच करने में लगे हैं, जल्द ही सभी विद्यार्थियों को नौकरी मिल जाएगी। कंपनियों की तरफ से वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से इंटरव्यू लिए जा रहे हैं।