मोहाली। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन महिला सीनियर टीम ने रमा अत्रे मेमोरियल महिला (सीनियर) वन-डे क्रिकेट टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन महिला सीनियर टीम को 1 रन से हरा दिया। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन टीम की प्रगति सिंह ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 34 रन बनाए और 3 विकेट लिए। प्रगति सिंह को वुमन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पीसीए क्रिकेट स्टेडियम, मोहाली में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन टीम ने निर्धारित 33 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। ओपनर रिद्धिमा अग्रवाल ने सबसे ज्यादा 51 रन 43 गेंदों में बनाए, नीतू सिंह और प्रगति सिंह दोनों ने 34-34 रन बनाए जबकि सृष्टि सिंह ने 17 रन बनाए। गेंदबाजी की तरफ से एचपीसीए की गेंदबाज निकिता एम चौहान और सुष्मिता कुमारी दोनों ने 2-2 विकेट लिए जबकि सोनल ठाकुर और ज्योति ठाकुर दोनों ने 1-1 विकेट लिया।
जवाब में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन महिला सीनियर टीम ने 33 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए और सिर्फ 1 रन से पीछे रह गई। हिमाचल की ओपनर कशिश वर्मा ने सबसे ज्यादा 70 रन 83 गेंदों में बनाए, देवांशी वर्मा ने 43 रन, नैन्सी शर्मा ने 18 रन जबकि सुष्मिता कुमारी ने 15 रन बनाए। गेंदबाजी की तरफ से पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की गेंदबाज मन्नत कश्यप ने 4 विकेट, प्रगति सिंह ने 3 विकेट जबकि नीतू सिंह ने 1 विकेट लिया।