चंडीगढ़। ट्राइडेंट पीसीए क्रिकेट कप त्रिकोणीय चैलेंजर शृंखला के फाइनल का पहला मैच मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में पीसीए पंजाब इलेवन और रेस्ट ऑफ पंजाब रेड के बीच खेला गया। मुकाबला पीसीए पंजाब इलेवन ने 6 विकेट से जीत लिया। मैच में नाबाद 97 रन की पारी खेलने वाले गौरव चौधरी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
विजेता टीम ने मैच में टॉस जीतकर रेस्ट ऑफ पंजाब रेड को पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा। टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 267 रन बनाए। नेहल ने 51, गितांश ने 78, कुंवर पाठक ने 29, विश्व प्रताप ने 25 और मनदीप इंद्र बावा ने 24 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में पीसीए पंजाब इलेवन की टीम से अभिनव शर्मा ने 10 ओवर में 56 रन देकर तीन, विनय चौधरी ने 10 ओवर में 34 रन देकर दो, गौरव चौधरी ने 6 ओवर में 37 रन देकर एक और रमनदीप ने 7 ओवर में 34 रन देकर एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीए पंजाब इलेवन की टीम ने 47.4 ओवर में 4 विकेट पर 268 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम से गौरव चौधरी ने सबसे अधिक नाबाद 97 रन की पारी खेली। पार्थ ने 40 रन, अभिजीत ने 39 रन और रमनदीप सिंह ने 43 रन बनाए। गेंदबाजी में रेस्ट ऑफ पंजाब रेड से सुमित शर्मा ने 10 ओवर में 48 रन देकर दो और इकजोत सिंह ने 8 ओवर में 39 रन देकर एक विकेट चटकाया।