अनाज मंडियों में मक्का खरीद के दौरान किसानों को नमी संबंधी कोई दिक्कत नहीं होगी। किसानों को राहत देते हुए सरकार ने मंडियों में मक्का ड्रायर की व्यवस्था करवाने का फैसला लिया है। ताकि मक्के की फसल को अच्छी तरह सुखाने के बाद खरीद की जाए। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने बताया कि राज्य की अनाज मंडियों में मक्का-ड्रायर की व्यवस्था की जाएगी ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को भूजल के स्तर को बनाए रखने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके लिए सरकार ने ‘मेरा पानी, मेरी विरासत’ नामक एक महत्वाकांक्षी एवं दूरगामी योजना शुरू की है। जिसके अंतर्गत किसानों को मक्का बाजरा व अन्य वैकल्पिक फसलें लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
राज्य सरकार द्वारा मक्का को न्यूनतम समर्थन मूल्य 1,850 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। कृषि विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर पर मक्का के प्रदर्शन-प्लांट भी लगाए जा रहे हैं। किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देने के लिए ग्राम स्तर पर प्रशिक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, किसान टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर अथवा कृषि विभाग के जिला स्तर के अधिकारी से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं।