संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पीएयू नेे विटामिन डी से भरपूर मशरूम पाउडर की तकनीक के वाणिज्यकरण के लिए गुरु कृपा एंटरप्राइजेज नामक कंपनी के साथ एक समझौता किया।
इस समझौते पर पीएयू की ओर से निदेशक (अनुसंधान) डॉ. अजमेर सिंह ढट्ट और कंपनी की ओर से नीतू थापर ने हस्ताक्षर किए। इस अनुबंध के तहत पीएयू ने इस अभिनव तकनीक के वाणिज्यिक अधिकार उक्त कंपनी को प्रदान किए हैं। यह तकनीक पीएयू के खाद्य एवं पोषण विभाग की विशेषज्ञ डॉ. सोनिका शर्मा और बेसिक साइंसेज कॉलेज के पूर्व डीन डॉ. शम्मी कपूर द्वारा संयुक्त रूप से विकसित की गई है। इस अवसर पर डॉ. दीपिका विग, अद्विक थापर और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
डॉ. सोनिका शर्मा ने बताया कि शाकाहारी भोजन में प्राकृतिक रूप से विटामिन डी के स्रोत सीमित होते हैं। मशरूम एक ऐसा विकल्प है, जिसमें अल्ट्रावायलेट किरणों या धूप के संपर्क में लाने पर विटामिन डी की मात्रा को लगभग 400 गुना तक बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान बाजार में उपलब्ध अनेक सप्लीमेंट्स में सिंथेटिक तत्व होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। ऐसे में प्राकृतिक रूप से विकसित यह मशरूम पाउडर स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित और लाभदायक विकल्प साबित होगा।