चंडीगढ़। पीजीआई में चलाई जा रही ओपीडी और टेली कंसल्टेशन सेवा के अंतर्गत सोमवार को 1888 मरीज देखे गए। इसमें कैंसर के सबसे ज्यादा 124 मरीजों को विशेषज्ञों ने परामर्श दिया। वहीं फेफड़ा और सांस संबंधी मरीजों को भी संबंधित विशेषज्ञों ने कॉल करके परामर्श दिया।
विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ मरीजों को सांस से संबंधित परेशानी होने पर उन्हें कोरोना वायरस होने का डर सताने लगा है। ऐसी स्थिति में उन्हें उचित परामर्श देना बहुत जरूरी है, क्योंकि अगर जरा सी भी अनदेखी की गई यह लापरवाही उन्हें अस्थमा के अटैक के और करीब ले जा सकती है। पीजीआई प्रशासन का कहना है कि जब तक स्थिति बहुत गंभीर न हो तब तक अस्पताल न आये। परामर्श के लिए टेली कंसल्टेशन सुविधा का लाभ उठाएं।