अपने घरवालों के साथ उमेश गोयल और अभिषेक बकोलिया।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नमन ने बताया कि 2020 में स्नातक करने के बाद करीब एक साल तक उन्होंने सिविल सर्विसेज परीक्षा के लिए तैयारी की। शुरुआत में उन्होंने दिल्ली में इसके लिए कोचिंग भी ली लेकिन बाद में कोविड पाबंदियों के कारण उन्होंने सेल्फ स्टडी पर जोर देना शुरू कर दिया। दिन में सात से आठ घंटे तक पढ़ाई की। इस मौके पर मां मोनिका सिंगला व पिता नीरज कुमार सिंगला ने अपने बेटे की इस सफलता पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बेटे ने उनके एक बड़े सपने को पूरा कर दिया और भगवान से क्या चाहिए।
जगरांव के उमेश गोयल ने पाया 388वीं रैंक
जगरांव के मोहल्ला रामनगर निवासी उमेश गोयल ने यूपीएससी परीक्षा में 388वीं रैंक प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर लोगों की ओर से उनके घर में बधाइयां देने का तांता लगा हुआ है। उमेश गोयल ने बताया कि वह आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। समाज में फैले भ्रष्टाचार और अपराध को खत्म करना उनकी पहल होगी।
उमेश गोयल ने इस उपलब्धि का श्रेय मां, बड़े भाइयों के साथ अध्यापकों को दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी माता शर्मीला गोयल जगरांव के एक निजी स्कूल से सेवानिवृत्त अध्यापिका हैं। बड़े भाई बीडीपीओ अधिकारी के तौर पर मेहतपुर में तैनात हैं और दूसरा भाई पंजाब सरकार में पटवारी है। उमेश गोयल की मां ने अपने बेटे उमेश गोयल का माथा चूमते हुए लड्डू खिलाकर मुंह मीठा करवाया।
कोटकपूरा के अभिषेक बकोलिया ने पाया 218वीं रैंक
जलालेआना रोड स्थित गांधी बस्ती के साधारण परिवार के अभिषेक बकोलिया ने 218वीं रैंक हासिल करके अपने परिवार व जिला फरीदकोट का नाम रोशन किया है। उनके पिता रोशन लाल, चमड़े की जूतियां बनाने का कार्य करते हैं और माता दुर्गेश भी महज 12वीं पास है। वह भारतीय जीवन बीमा निगम में सहायक प्रबंधक के पद पर तैनात हैं।
अभिषेक की शानदार उपलब्धि की सूचना मिलने पर परिवार समेत पूरे मोहल्ले में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। अभिषेक की बड़ी बहन व कंप्यूटर इंजीनियर वंशिका ने कहा कि उनका भाई पिछले लंबे समय से लगन व मेहनत से यूपीएससी की तैयारी कर रहा है और पूरे परिवार को विश्वास था कि वह जरूर सफल रहेगा। अभिषेक बकोलिया ने कहा कि उन्होंने यूपीएससी की तैयारी इंटरनेट से घर पर बैठकर ही की है। उनका मानना है कि जब कोई ठान ले तो कोई भी मंजिल पार की जा सकती है।