केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सांसद परनीत कौर।
- फोटो : फाइल
पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और पटियाला से सांसद परनीत कौर ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर पंजाब से पवित्र श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी उड़ान शुरू करने की मांग की। पत्र में परनीत कौर ने लिखा है कि तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का एक अत्यंत सम्मानित ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है और हर साल पंजाब और दुनिया भर से लाखों तीर्थयात्री वहां नतमस्तक होने जाते हैं।
उन्होंने आगे लिखा है कि कोविड-19 महामारी से पहले पंजाब से श्री हजूर साहिब के लिए सीधी उड़ान थी लेकिन अब देश में अधिकांश उड़ानों को फिर से शुरू करने के बाद भी पंजाब से श्री हजूर साहिब के लिए सीधी उड़ान शुरू नहीं की गई है। इस कारण तीर्थयात्री विशेष रूप से वृद्ध, मरीज और दिव्यांगों को पवित्र गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने और श्रद्धांजलि अर्पित करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पटियाला सांसद ने केंद्रीय मंत्री से चंडीगढ़ हवाई अड्डे और अमृतसर हवाई अड्डे से दिन में कम से कम एक बार सीधी उड़ान फिर से शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण मांग पर तत्काल प्रभाव से गौर करने की अपील की।