चंडीगढ़। पटियाला ने जांलधर को चार रन से हराकर पंजाब राज्य अंतर जिला महिला सीनियर एक दिवसीय टूर्नामेंट जीता लिया। फाइनल मुकाबला मंगलवार को पीसीए न्यू क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। मैच में जालंधर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पटियाला ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 44.1 ओवर में 157 रन बनाए। वंशिका महाजन ने 32 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 28 रन, हिमांशी सैनी ने 43 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 28 रन और श्रुति यादव ने 35 गेंदों पर 21 रन बनाए। जालंधर की ओर से जशनप्रीत कौर ने 19 रन देकर 3 और प्रियंका मुटरेजा ने 34 रन देकर 2 विकेट लिए। जालंधर ने अपनी पारी की शुरुआत की और 5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 19 रन बनाए थे, तभी 1.03 बजे बारिश शुरू हो गई। 3.08 बजे मैच फिर से शुरू हुआ और 99 रन के संशोधित लक्ष्य के साथ 20 ओवर का कर दिया गया। इस समय जालंधर को 15 ओवर में 80 रन चाहिए थे। सृष्टि राजपूत ने 24 गेंदों पर 23, तानिया भाटिया ने 27 गेंदों पर 33 और कुशनवाल चहल ने 21 गेंदों पर 14 रन की पारी खेली, जिसकी मदद से जालंधर 19.3 ओवर में 94 रन बनाकर ऑल आउट हो गया और पटियाला से 4 रन से मैच हार गया। पटियाला की ओर से दिशा सैनी ने 15 रन देकर 4 विकेट, पारुल ने 18 रन देकर 2 विकेट, मन्नत कश्यप, श्रुति तिवारी और प्रिया कुमारी ने एक-एक विकेट चटकाया।