राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पठानकोट को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के चंबा व डलहौजी से जोड़ता है। मगर भारी बारिश और भूस्खलन के कारण इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया है। इसके बाद ट्रैफिक रूट को डायवर्ट कर वाया छोटी धार सिहुंता से निकाला जा रहा है।
थाना धारकलां की प्रभारी प्रीति ने बताया कि शनिवार को पहाड़ों पर हुई भारी बारिश के कारण दुनेरा के कैंची मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग धंस गया है। इसके बाद वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने और डलहौजी-चंबा जाने वाले यात्रियों और वाहनों को छोटी धार से वाया सिहुंता चंबा भेजा जा रहा है।
वहीं, क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग और अवरुद्ध यातायात के संबंध में जब केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता चेतन से उनके फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत कर रहे हैं। फिलहाल छोटे वाहनों के लिए यातायात खोल दिया है, जबकि बड़े वाहनों का आवागमन अभी बंद रहेगा, क्योंकि अब भी पहाड़ और धार क्षेत्र में बारिश हो रही है।
उल्लेखनीय है कि एक माह पहले जम्मू-बसोहली दुनेरा नूरपुर लिंक रोड, डेढ़ महीने पहले पठानकोट-कांगड़ा-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पुल के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए थे और एक साल पहले पठानकोट-जोगिंदर नगर रेल सेक्शन पर चक्की पुल टूटने के कारण रेल यातायात बंद कर दिया गया था।