पठानकोट एयरबेस से अगले साल तक गर्मियों में घरेलू उड़ान शुरू कर दी जाएंगी और जालंधर के आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन से भी एक साल के भीतर उड़ाने शुरू करने का टारगेट रखा गया है। यह बात केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने जालंधर के आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन के निकट दानामंडी में एक रैली को संबोधित करते हुए कही। जेटली व केंद्रीय उड्डयन मंत्री शुक्रवार को आदमपुर में एयरपोर्ट के टर्मिनल के भूमि पूजन के लिए खास तौर पर आए हुए थे। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला के अलावा पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल भी मौजूद थे।
अरुण जेटली ने अपने भाषण में पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल की तारीफों के जमकर पुल बांधे। जेटली ने कहा कि पंजाब एक छोटा सा सूबा है और यहां पर छह एयरपोर्ट तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में हाइवे व सड़कों के जाल में पंजाब देश में नंबर वन बन चुका है। पंजाब में पिछले पांच साल में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला है और इसका मुकाबला पूरे देश भर में किसी सूबे से नहीं किया जा सकता।
जेटली ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश भर में 70 एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी दी है, जिसमें 35 पर कार्य पूरा हो चुका है। पहले तीन मेें कानपुर, जालंधर का आदमपुर व बठिंडा है। जेटली ने अपने भाषण में कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा और कहा कि सूबे में शिअद-भाजपा की सरकार में जबरदस्त विकास हुआ है तो वहीं कांग्रेस ने 2002 से 2007 तक सिर्फ बदले की भावना से कार्यवाही कर समय बर्बाद किया। सूबे में अगर आज भाईचारा कायम है तो वह बादल सरकार की बदौलत है।
इस मौके पर केंद्रीय उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि वह बेशक पंजाब से नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी पंजाबी है और वह यहां की धरती को अपना मानते हैं। हालांकि लक्ष्य दो साल का है, लेकिन उनकी कोशिश होगी कि आदमपुर से घरेलू उड़ानों को एक साल के भीतर ही शुरू कर दिया जाए।
तीन केंद्रीय मंत्री और समागम में लाल कुर्सियां खाली
तीन केंद्रीय मंत्री और समागम में लाल कुर्सियां खाली
शुक्रवार को आदमपुर में एयरपोर्ट टर्मिनल के भूमि पूजन के बाद जनसभा में भारी तादाद में खाली कुर्सियां मुंह चिढ़ाती रहीं। हालांकि स्टेज पर केंद्र सरकार के तीन मंत्री वित्त मंत्री अरुण जेटली, केंद्रीय उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा, केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला, पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल, राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक स्टेज पर विराजमान थे।
इसके अलावा पंजाब के सीएम के सलाहकार तीक्ष्ण सूद, परिवहन मंत्री अजीत सिंह कोहाड़, विधायक केडी भंडारी, पूर्व भाजपा प्रधान कमल शर्मा, विधायक मोहिंदर कौर जोश, विधायक सुरिंदर सिंह भुल्लेराठां, विधायक पवन कुमार टीनू स्टेज पर थे लेकिन उनको सुनने के लिए जनता काफी कम थी। जितनी कुर्सियां भरी थीं, उनको भरने के लिए काफी तादाद में ब्यास पिंड से सिलाई स्कूल की गर्ल्स को छुट्टी करवाकर लाया गया था।
आदमपुर शिअद की सीट है और मौजूदा वक्त में पवन कुमार टीनू इलाके से विधायक हैं और 2017 के लिए भी सुखबीर बादल ने दोबारा टीनू को मैदान में उतारा है। आदमपुर में टीनू का खासा रसूख है लेकिन शुक्रवार को खाली कुर्सियों से अकाली भाजपा नेताओं की चिंता बढ़ गयी है। दरअसल, इस जनसभा को लेकर भाजपा को किनारे रखा गया और इसका सारा जिम्मा इलाका विधायक व पंजाब सरकार ने उठा रखा था क्योंकि यह समारोह सरकारी था, जिसमें एयरपोर्ट अथारिटी व पंजाब सरकार में एमओयू साइन भी होना था।