लंदन में खालिस्तान समर्थकों का प्रदर्शन।
- फोटो : एएनआई
देश विरोधी गतिविधियों के मामले में भगोड़े अमृतपाल सिंह के समर्थन में ब्रिटेन में तिरंगे का अपमान करने वाले खालिस्तानी समर्थकों पर पुलिस ने शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। विदेश में बैठे खालिस्तानी समर्थकों के पासपोर्ट रद्द किया जाएंगे। भारत के पासपोर्ट से विदेश की धरती पर देश के खिलाफ षड़यंत्र रचने वालों के बारे में केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।
खालिस्तान समर्थकों के वीडियो को सुरक्षा एजेंसियों ने खंगालना शुरू कर दिया है। तिरंगे की बेअदबी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।
केंद्रीय एजेंसियां पता लगाने में जुटी हैं कि देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले खालिस्तानी पंजाब के किस शहर और गांव के हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दर्जनभर लोगों की पहचान करवा ली गई है। इनमें एक जंडियाला गुरु के एक गांव का रहने वाला है। वीडियों में कुछ लोग तरनतारन, मजीठा, होशियारपुर और संगरूर के भी हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बहुत जल्द इस संबंध में एक रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी ताकि उक्त लोगों के पासपोर्ट रद्द करवाकर उन्हें डिपोर्ट करवाकर भारत लाया जा सके। सूत्रों के मुताबिक खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस विदेश में बैठे ऐसे लोगों के रिश्तेदारों और पारिवारिक सदस्यों पर भी केस दर्ज करेगी।