रेलवे विभाग ने दिल्ली से फिरोजपुर के बीच आवागमन करने वाली दो पैसेंजर ट्रेनों को रद कर दिया है। इन गाड़ियों को नासिक में चल रहे कुंभ मेले के चलते वहां लगाया गया है। वीरवार को इन गाड़ियों के रद होने की सूचना दी गई, जिसमें अगली सूचना तक ट्रेनें रद रहने की बात कही गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार दिल्ली से सुबह 6 बजे चलकर वाया रोहतक, जींद, नरवाना, टोहाना होते हुए दोपहर एक बजे जाखल पहुंचने वाली 54641अप पैसेंजर ट्रेन को रद कर दिया है।
यह गाड़ी दिन में बरेटा, बुढलाड़ा, मानसा, मोड़, बठिंडा में शाम करीब चार बजे पहुंच कर फिरोजपुर में ठहराव करती है। साथ ही दूसरी गाड़ी इसी रूट से फिरोजपुर से सुबह 6 बजे चलकर वाया बठिंडा के रास्ते होते हुए जाखल में शाम साढ़े 4 बजे पहुंचती है और रात्रि को करीब 10 बजे दिल्ली पहुंचती है।
दिन में सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर रुकने वाली एकमात्र पैसेंजर गाड़ी होने के कारण प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री इससे सफर करते हैं। ट्रेन रद होने से यात्रियों को काफी दिक्कते होंगी।
स्टेशन अधीक्षक सूरजभान शर्मा ने कहा कि इन गाड़ियों को नासिक मेला में लगाया गया है। यह गाड़ियां अनिश्चितकालीन के लिए रद घोषित की गई हैं। गाड़ियां कब तक रद रहेंगी, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।