डीएमयू सेवा के 25 साल पूरे होने पर नॉर्दर्न रेलवे ने एक नई शुरुआत की और ईएमयू (इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) पैसेंजर रेल गाड़ी का उद्घाटन किया। नॉर्दर्न रेलवे के जीएम टीपी सिंह ने डीईएमयू शेड में नई ट्रेन की शुरुआत की। इसके अलावा उन्होंने एक नई रिलीफ मेडिकल वैन का भी उद्घाटन किया। नई चली ईएमयू ट्रेन में करीब 1400 यात्री सफर करेंगे।
जानकारी के अनुसार, पंजाब में पहली बार शुरू हुई रेलवे की डीएमयू सेवा के वीरवार को 25 साल पूरे हो गए हैं। डीएमयू की रजत जयंती पर रेलवे प्रशासन की तरफ से ईएमयू पैसेंजर रेल गाड़ी और रिलीफ मेडिकल वैन की शुरुआत की गई। वर्ष 1994 में पहली बार जालंधर से होशियारपुर के लिए डीएमयू चलाई गई थी।
जालंधर की डीईएमयू शेड भारतीय रेलवे की सबसे बड़ी और पुरानी शेड है। नई शुरू हुई ईएमयू ट्रेन अमृतसर अंबाला रूट पर चलाई जाएगी। इस रूट पर पहले डीएमयू ट्रेन चलती थी। ईएमयू इलेक्ट्रिक ट्रेन है जोकि बिजली से चलेगी जबकि डीएमयू को डीजल पर चलाया जाता है। नई ट्रेन की शुरुआत से डीजल की खपत बचेगी।
इसके अलावा रेलवे ने एक मेमो ट्रेन को भी तैयार किया है। उसको भी किसी रूट पर चलाया जाएगा। मौके पर डीआरएम राजेश अग्रवाल, सीनियर डीएमई राकेश सैनी समेत तमाम रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। नई ट्रेनों का उद्घाटन करने के बाद जीएम टीपी सिंह ने जालंधर कैंट में स्थित ब्रिज वर्कशाप का भी दौरा किया। इसके बाद अमृतसर के लिए रवाना हो गए।