बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती ने प्रदेश प्रधान प्रकाश सिंह जंडाली को चेतावनी दी है कि वह पार्टी के अनुशासन में रहकर काम करें। यह बात पार्टी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी सांसद नरिंदर कश्यप ने अधिकारिक रूप से जारी बयान में कही। बसपा में पिछले दिनों कार्यकारिणी के गठन के दौरान जमकर हंगामा हुआ था।
कश्यप ने कहा कि पंजाब की पूरी लीडरशिप जम्मू कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव में काम करेगी और चुनाव जिताने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। पटियाला और संगरूर लोकसभा सीट के कार्यकर्त्ता व चंडीगढ़ यूनिट हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों में काम करेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव संपन्न होने तक पंजाब में बसपा की समस्त राजनीतिक गतिविधियां बंद रहेंगी। संगठन बनाने, सदस्यता अभियान चलाने, मीटिंग और जलसा करने आदि का कोई भी कार्यक्रम नहीं किया जाएगा। कश्यप ने आगे कहा कि पंजाब में बसपा, बामसेफ और बहुजन वालंटियर फोर्स के अलावा और कोई भी विंग जैसे युवा, महिला और स्टूडेंट आदि नहीं बनाए जाएंगे। जो विंग कहीं बने भी हैं, वे सभी भंग रहेंगे।
बसपा महासचिव नरिंदर कश्यप ने आगे कहा कि पिछले कुछ समय में पंजाब में बसपा के कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ता अनुशासन तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। पार्टी ने इसे गंभीरता से लिया है और सभी को हिदायत दी है कि अनुशासन में रहकर ही काम करें। कश्यप ने यह भी कहा कि 30 अगस्त को लखनऊ में बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में पूरे देश में से सूचीबद्ध पदाधिकारियों को बुलाया गया था।
इसमें पंजाब से भी चार प्रदेश पदाधिकारियों को बुलाया गया था, पर पंजाब बसपा के प्रदेश प्रधान की तरफ से चार अन्य कार्यकर्त्ताओं को भी मीटिंग में साथ ले जाने पर बहन मायावती ने नाराजगी जाहिर की और चेतावनी भी दी कि प्रदेश प्रधान भविष्य में पार्टी अनुशासन को तोड़ने की कोशिश न करें। कश्यप ने बहन कुमारी मायावती को दोबारा बसपा की राष्ट्रीय प्रधान चुने जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है।