पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान प्रताप बाजवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरसिमरत कौर बादल को कैबिनेट में शामिल करने पर अफसोस जताया है। उन्होंने कहा कि मोदी का चुनाव प्रचार वंशवाद के खिलाफ केंद्रित था, अब उन्होंने वंशवाद को बढ़ावा दिया है।
बाजवा ने कहा कि हरसिमरत, पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल की बहू और डिप्टी सीएम सुखबीर बादल की पत्नी हैं। सीएम के जमाई आदेश प्रताप सिंह कैरों और हरसिमरत के भाई बिक्रम मजीठिया कैबिनेट मंत्री हैं। इस तरह बादल परिवार के सभी सदस्य सरकार में शामिल हैं।
वंशवाद को बढ़ावा देने की ऐसी कोई मिसाल नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि वह पंजाब को प्रतिनिधित्व देने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन मोदी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या यह वंशवाद की सियासत को प्रोत्साहन नहीं है। उन्होंने खुद चुनाव प्रचार के दौरान गांधी परिवार को वंशवाद के नाम पर निशाना बनाया।
अब खुद उसी रास्ते पर चल पड़े हैं। बाजवा ने प्रधानमंत्री मोदी और पाक पीएम नवाज शरीफ की मुलाकात का स्वागत किया। साथ ही कहा कि दोनों देशों के बीच वाघा बार्डर से कारोबार को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
यूपीए सरकार के एजेंडे में यह बात रही, पर जब भी ऐसे फैसलों के लिए माहौल बना, कुछ ताकतों ने मुखालफत की। उन्होंने कहा कि मोदी के पाक के साथ बेहतर रिश्तों के बयान से पंजाब के लोगों में नई उम्मीद जगी है।