चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने एक फैसले में कहा है कि पैरोल एक संवैधानिक अधिकार है और इसे आर्थिक शर्तों के आधार पर सीमित नहीं किया जा सकता। जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ की एकल पीठ ने यह टिप्पणी उस मामले में की जिसमें एक सजायाफ्ता कैदी को 10 सप्ताह की पैरोल तो दी गई थी, लेकिन इसके लिए चार लाख रुपये की जमानत की शर्त रखी गई थी।
याचिकाकर्ता ने बताया कि उसका कोई निकट जीवित संबंधी नहीं है, जो इतनी बड़ी राशि की जमानत दे सके। वह आर्थिक रूप से कमजोर है और यह शर्त पूरी करना उसके लिए असंभव था। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति व्यवहार से सुधार का पात्र है और पैरोल के लिए योग्य है, तो केवल आर्थिक अक्षमता के कारण उसे इसका लाभ नहीं देना संविधान की भावना के खिलाफ है।
जस्टिस बराड़ ने स्पष्ट किया कि किसी भी कैदी को केवल इस आधार पर जेल में रखना कि वह आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है, पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को 20 हजार रुपये के व्यक्तिगत मुचलके पर पैरोल पर रिहा करने का आदेश पारित किया।