चंडीगढ़ के हर प्रमुख बाजार में सबसे बड़ी दिक्कत पार्किंग की है। इस दिक्कत को दूर करने के लिए नगर निगम के सदन ने एक कमेटी का गठन करने का निर्णय लिया है। कमेटी के सदस्यों की घोषणा मेयर आशा जसवाल की ओर से बुधवार को की जाएगी। जिसका काम ऐसे बाजारों का सर्वे करने के बाद वहां के व्यापारियों के सुझाव लेकर पार्किंग समस्या का हल निकालना होगा।
यहां तक कि कमेटी जिन जगहों पर नए पार्किंग स्थल बनाए जा सकते हैं, उसे भी अपनी रिपोर्ट में शामिल करेगी। इस रिपोर्ट में आए सुझाव प्रशासन के वास्तुकार विभाग के साथ बैठकर लागू किए जाएंगे। इस समय नगर निगम की ओर से पूर्व मेयर अरुण सूद के नेतृत्व में कम्यूनिटी सेंटरों के नए बायलॉज और कहां कहां पर नए कम्यूनिटी सेंटरों के निर्माण की जरूरत है उसके लिए कमेटी का गठन किया हुआ है जिसने अपनी रिपोर्ट बना ली है जो कि अपनी रिपोर्ट अगले सदन में पेश करेगी।
मनोनीत पार्षद चरणजीव सिंह ने इस कमेटी की तर्ज पर ही पार्किंग का हल निकालने के लिए कमेटी के गठन करने का सुझाव सदन में रखा जिसे मेयर ने मान लिया। मेयर के अनुसार इस कमेटी में एक्सपर्ट भी शामिल किए जाएंगे जबकि नगर निगम कमिश्नर बी पुरूषार्था ने सुझाव दिया है कि जो शहर की अन्य पार्किंग है जो इस समय निशुल्क चल रही है उन्हें भी पेड कर दिया जाना चाहिए इससे पूरे शहर की पार्किंग व्यवस्थिति हो जाएगी नगर निगम पूरे की पार्किंगों का सर्वे किया हुआ है जिन्हें पेड पार्किंग में बदला जा सकता है।
क्या हल हो सकते है बाजारों की पार्किंग को दूर करने के लिए
व्यापार मंडल के चेयरमैन एवं मनोनीत पार्षद चरणजीव सिंह का कहना है कि बाजारों के आसपास पार्क बने हुए हैं ऐसे पार्कों को कम्यूनिटी पार्किंग में बदल देना चाहिए। उनका कहना है कि शोरूमों के पिछली तरफ खाली जगह है जिन्हें पार्किंग में बदल देना चाहिए कम से कम यहां पर व्यापारी अपने वाहन पार्क कर पाएंगे और सामने की पार्किंग लोगों के लिए छोड़ दी जाएगी। चरणजीव सिंह का कहना है कि इस समय सेक्टर-19 डी में शोरूमों के पीछे कम्यूनिटी पार्किंग बनी हुई है। जब कमेटी बाजारों में निरीक्षण के लिए जाए तो वहां के व्यापारियों के जरूर सुझाव ले। चरणजीव सिंह का कहना है कि शहर में ऐसी कई जगह है जहां पर नए पार्किंग स्थल बनाए जा सकते हैं।
सेक्टर-11 की सड़क के नीचे पार्किंग बनाने का है प्रपोजल
दो साल पहले प्रशासन के वास्तुकार विभाग ने सेक्टर-11 मार्केट के सामने की सड़क के नीचे अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने का प्रपोजल बनाकर डिजाइन भी बनाया था लेकिन यह प्रपोजल अभी तक लागू नहीं हुआ है। यह सड़क पीजीआई को जाती है और इस मार्केट में पार्किंग की काफी दिक्कत है।
फेस्टिवल सीजन शुरू, पार्किंग व्यवस्था चरमराई
दशहरे के साथ ही फेस्टिवल सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में बाजारों में पार्किंग की दिक्कत शुरू हो गई है जिस कारण बाजारों के पास से जाने वाली सड़कों पर भी जाम लगना शुरू हो गया है। शनिवार शाम रावण दहन के बाद सेक्टर-19,22,18 और 35 के बाजारों की पार्किंग फुल हो गई। सेक्टर-19 और 22 की पार्किंग में फड़ियां भी लग रही है जिस कारण यह दिक्कत ज्यादा बढ़ गई है।