चंडीगढ़ नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक ने शहर की सभी 25 पेड पार्किंग को स्मार्ट बनाने का निर्णय लिया है। नगर निगम ने शुक्रवार को यह प्रस्ताव पास किया है कि सभी पेड पार्किंग किसी एक कंपनी को चलाने के लिए दी जाएगी। ताकि ओवरचार्जिंग और पार्किंग के समय आ रही परेशानी से मुक्ति मिले। इसके तहत ही एक सरवर रूम का भी निर्माण किया जाएगा। जिससे पूरे शहर की पेड पार्किंगों में हो रही गतिविधियों को एक ही जगह पर सीसीटीवी कैमरे में देखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार स्कूटर की बार बार एंट्री होने का शुल्क 6 रुपये और कार का मल्टीपर्पज पास का रेट 10 रुपये तय किया गया है। ओवरचार्जिंग से शहरवासियों को बचाने के लिए स्मार्ट कार्ड भी लांच किया जाएगा। स्मार्ट सिटी में यह स्मार्ट कार्ड प्री और पोस्ट पेड दोनों में होंगे। इसके साथ ही सभी पेड पार्किंग में ई टिकटिंग की मशीनों का प्रयोग होगा। किसी भी पेड पार्किंग में मैनुअल तरीके से पर्ची नहीं मिलेगी। साथ ही 24 घंटे पेड पार्किंग चलाने का भी प्रस्ताव है। स्मार्ट कार्ड को ई संपर्क सेंटर पर बनाने और रिचार्ज करने की सुविधा मिलेगी। नगर निगम के अनुसार वर्तमान में जो ठेकेदार पेड पार्किंग चला रहे हैं, उनसे लोगों को मुक्ति मिलेगी। मेयर अरुण सूद का कहना है कि स्मार्ट पार्किंग के रेट में कोई इजाफा नहीं होगा
ये प्रस्ताव भी हुए पास
. औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 के पोल्ट्री फॉर्म ग्राउंड के लाइट प्वाइंट पर दो हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी
. 23.63 लाख से सेक्टर-20 के पार्कों में ग्लोबो लाइट्स लगाई जाएंगी
. 45.34 लाख से सेक्टर-34 के वी-4 रोड की कारपेटिंग की जाएगी।
. 43.19 लाख से मनीमाजरा की पॉकेट नंबर-9 की ग्रीन बेल्ट में लैंड स्केपिंग का काम होगा . 24.43 लाख से सेक्टर-56 की ग्रीन बेल्ट को विकसित किया जागएा
. 42.21 लाख से सेक्टर-40 सी की पार्किंग कंकरीट की बनाई जाएगी
. सेक्टर-15 डी के धोबीघाट में काम करने वाले धोबियों का लाइसेंस रिन्यू किया जाएगा
. 37.47 लाख रुपये से औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 में एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी
. 41.41 लाख से कैटल पाउंड के लिए हरा चारा खरीदा जाएगा