टैगोर थिएटर, सेक्टर-18 में एक नवंबर से वाहन की पार्किंग महंगी हो जाएगी। टैगोर थिएटर की बुकिंग चार्जेस बढ़ाने के बाद अब यूटी प्रशासन के कल्चरल अफेयर्स विभाग ने टैगोर थिएटर की पार्किंग के रेट में भी बढ़ोतरी कर दी है।
चार पहिया वाहन चालकों को अब 30 रुपये प्रति शो और दो पहिया वाहन चालकों को 10 रुपये पार्किंग के देने होंगे। टैगोर थिएटर में लगभग 100 चार पहिया और 70 दो पहिया वाहनों की पार्किंग हो सकती हैं। प्रशासन ने टैगोर थिएटर की पार्किंग के ठेके के लिए इच्छुक बिडर्स से 31 अक्तूबर तक बिड आमंत्रित की है।
टैगोर थिएटर की पार्किंग का ठेका जिसे मिलेगा वह कलाग्राम में अगले माह होने वाले छठे क्राफ्ट मेले की पार्किंग का ठेका भी संभालेगा। ध्यान रहे कि हाल ही में टैगोर थिएटर की बुकिंग चार्जेस में भी बढ़ोतरी की गई है। टैगोर थिएटर में बुकिंग चार्जेस के रेट इससे पहले 2011 में बढ़े थे। टैगोर थिएटर सोसाइटी के प्रस्ताव पर प्रशासन ने मुहर लगाते हुए अलग-अलग वर्गों के लिए बुकिंग चार्जेस में बढ़ोतरी की है।
क्रॉफ्ट मेले में पार्किंग का पड़ेगा बोझ
नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर (एनजेडसीसी) द्वारा चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से कलाग्राम में 14 से 23 नवंबर तक होने वाले छठे क्रॉफ्ट मेले में लोगों को अपने वाहन की पार्किंग पर ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। चार पहिया वाहन चालकों को 30 रुपये प्रति वाहन और दो पहिया वाहन चालक को 10 रुपये पार्किंग के देने होंगे। कलाग्राम के पास खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।