चौटाला परिवार की दूरियां आज अर्जुन चौटाला की सगाई समारोह में भी देखने को मिली। प्रदेश का सबसे बड़ा राजनीतिक घराने में परिवार के सदस्यों में रिश्तों की दरारें गहरी हो चुकी है। ताऊ देवीलाल के परिवार के कई सदस्य इस सगाई समारोह में नजर नहीं आए।
गुरुवार को अभय चौटाला के छोटे बेटे अर्जुन चौटाला की सगाई पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की बेटी जैसमीन कौर से हो गई। सिरसा के गांव तेजाखेड़ा में स्थित अभय चौटाला के फार्म हाउस में अर्जुन व जैसमीन की टीके-सगाई का प्रोग्राम हुआ। इस फंक्शन में अजय चौटाला के परिवार को कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
नैना चौटाला सगाई में निमंत्रण के सवाल पर भड़की
जहां एक तरफ डबवाली क्षेत्र के गांव तेजाखेड़ा में फार्म हाउस पर अर्जुन चौटाला की सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। वहीं दूसरी तरफ डबवाली की विधायक नैना चौटाला डबवाली के गांवों में दौरा कर रही थी। इस दौरान पत्रकारों ने जब सगाई को लेकर नैना चौटाला से सवाल पूछा तो वे भड़क उठी।
पत्रकारों के सवाल पर नैना चौटाला ने कहा कि अगर उन्हें जाना है तो वे अपनी गाड़ी व ड्राइवर भेज देंगी। नैना चौटाला ने कहा कि मीडिया ने जमी हुई दही को पहले तो लस्सी बना दिया। इसके बाद उस लस्सी से मक्खन भी निकाल लिया। नैना चौटाला ने पत्रकारों को सलाह दी की वे प्रदेश के दूसरे मुद्दों पर सवाल करे। इस तरहा के फिजूल के सवाल उनसे न किए जाएं।
अर्जुन चौटाला की सगाई में पहुंचे प्रकाश सिंह बादल
सगाई में पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, चौ रणजीत सिंह, डॉ केवी सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अशोक अरोड़ा, प्रदेशाध्यक्ष बीडी ढालिया, पूर्व मंत्री रामपाल माजरा, पूर्व मंत्री भागीराम, पूर्व विधायक सीताराम सहित अनेक बड़े नेता इस सगाई समारोह में शामिल हुए।
उनके अलावा चौटाला के खास रिश्तेदार पंचकोसी व मटोरिया फैमिली से भी कई रिश्तेदारों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अभय के बेटे अर्जुन चौटाला अभी ग्रेजुएशन कर रहे हैं, लेकिन वे सक्रिय राजनीति में कदम रख चुके हैं। उन्होंने कुरुक्षेत्र से लोकसभा चुनाव 2019 का चुनाव लड़ा था।