पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सरकार गिराने का दावा भी कर दिया। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब पूरे तरह से कर्जा में डूब गया है। इनको (आप सरकार) बाहर करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं है। सात-आठ महीने में लोकसभा चुनाव आने वाले हैं। सभी वर्गों से मेरी अपील है कि 13 की 13 सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। सभी सीटों पर कांग्रेस को समर्थन दो। अगर 13 सीटों पर कांग्रेस जीत गई तो मैं तुम्हें यकीन दिलाता हूं कि ये सरकार दो महीने नहीं चलेगी। आप के कम से कम 32 विधायक मेरे संपर्क में हैं। 18 हमारे पास हैं।
कांग्रेस की आप के साथ जुड़ने की इच्छा नहीं
प्रताप सिंह बाजवा ने कुछ दिन पहले कहा था कि पिछले डेढ़ साल में आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस नेताओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया है, उससे यह कहा जा सकता है कि कांग्रेस की आप के साथ जुड़ने की कोई इच्छा नहीं है। उधर, पंजाब के मंत्री हरपाल चीमा ने एक बयान में कहा था कि कांग्रेस के साथ छोटे-मोटे मनमुटाव को दूर कर लिया जाएगा। इस पर भी बाजवा ने कहा था कि यह चीमा की राय हो सकती है लेकिन मेरी नहीं है। कोई भी रिश्ता एकतरफा राय से नहीं बनता। दोनों पक्षों की समान राय जरूरी है।
सभी 13 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस
राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक ही गठबंधन का हिस्सा है। मगर हरियाणा और पंजाब में बात नहीं बन रही है। पंजाब में कांग्रेस नेता लगातार आप के साथ गठबंधन का विरोध जता रहे हैं। इनमें प्रमुख नाम प्रताप सिंह बाजवा का है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने भी राज्य इकाई को पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करने को कहा है।