सेक्टर-12 ए में कष्ट दूर करने के नाम पर महिला सहित दो लोगों ने बुजुर्ग से करीब तीन लाख रुपये के गहने ठग लिए।
पिछले दिनों सेक्टर-9 और एमडीसी में भी ऐसी ही घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कोटा की रहने वाली विमला देवी (61) सेक्टर-12ए में अपनी बहन के घर आई थीं।
दोपहर को उनके दांत में दर्द हुआ तो वह बहन सरोज के साथ सेक्टर-12ए की डिस्पेंसरी गईं और दवा लेकर जब घर आने लगीं तो सरोज को मार्केट का कोई काम याद आ गया और वह मार्केट चली गई।
विमला घर की तरफ आ रही थीं। तभी रास्ते में एक व्यक्ति ने उन्हें रोका और सेक्टर-11 का रास्ता पूछा। विमला ने रास्ते से अनभिज्ञता जताई। इसके बाद वह आगे बढ़ गया।
विमला दो कदम ही चली होंगी कि एक महिला ने उन्हें रोक लिया। महिला ने विमला से कहा कि तुम्हें सिद्ध बाबा के दर्शन हो गए। तुम धन्य हो गई।
उन्होंने तुमसे बात की, वरना वह किसी से बात नहीं करते। तभी वह व्यक्ति वापस आया और अंजान महिला उसके कदमों में झुक गई।
उस व्यक्ति ने विमला से कहा कि तुम्हारे माथे को मैंने पढ़ लिया है। तुम्हारे घर में बड़ा कष्ट आने वाला है। यह सुनकर विमला घबरा गईं।
...और ढोंगी ने फंसा लिया जाल में
अनजान महिला ने विमला से कहा कि बाबा कष्ट दूर करने आए हैं। मुझे भी काफी तकलीफ है। विमला के मुताबिक, महिला और ढोंगी व्यक्ति उसे एक पार्क में ले गए।
वहां उसने अनजान महिला से कहा कि कष्ट दूर कराना है तो गहने उतारकर रूमाल में रख दो। विमला के मुताबिक, महिला ने ऐसा ही किया और उन्हें भी करने के लिए कहा।
इनकार करने पर महिला ने कहा कि ऐसा मत करो, बाबा नाराज हो जाएंगे। विमला झांसे में आ गई और अपनी सोने की चार चूड़ियां, दो अंगूठी, एक चेन व बालियां उस रूमाल में रख दी, जो कथित बाबा ने उसे दिया।
मंत्र पढ़ते ही सोना गायब
कुछ देर मन ही मन कुछ पढ़ने के बाद कथित बाबा ने रूमाल वापस करते हुए उनके बैग में डाल दिया और कहा कि घर जाकर नहाने के बाद पहनना, सभी कष्ट दूर हो जाएंगे।
यही बात अनजान महिला से भी कहा। विमला के मुताबिक, वह जब घर आईं तो नहाने से पहले ही रूमाल खोला। उसमें कागज के टुकड़े थे।
वह तुरंत उसी पार्क की तरफ भागी, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों को बताया। इसके बाद सेक्टर-14 थाने में आईपीसी की धारा 379 (चोरी) व 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कराया गया।