Krishan Lal Panwar, minister haryana
- फोटो : file photo
हरियाणा परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि परिवहन विभाग में जल्द नियमित भर्ती कर कर्मचारियों की कमी पूरी की जाएगी। परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने यूनियन प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद बताया कि जल्द ही 1500 चालक, 930 परिचालकों के अलावा 951 तकनीकी स्टाफ की भर्ती की जाएगी।
उन्होंने यूनियन की अन्य मांगों पर विभागीय अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान वर्ष 2014-15 का बकाया बोनस देने की मांग भी मान ली गई। पंवार ने कहा कि अगले दो महीनों में परिवहन विभाग के बेड़े में 300 नई बसें शामिल की जाएंगी। इनकी खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मार्च 2017 तक विभाग के बेड़े में 5000 बसें करने का लक्ष्य है। इस दौरान कर्मचारी संगठनों की अधिकतर मांगों को मंजूर कर लिया गया।
वर्ष 2003 के बाद भर्ती चालकों व परिचालकों के साथ जुडे़ एसपीएल को हटाकर जल्द ही नियमित शब्द जोड़ने की मांग पर भी सहानुभूति जताते हुए मंत्री ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने इस संबध में शपथ-पत्र दे दिए हैं, उनके साथ जुड़े एसपीएल शब्द को हटाने के लिए पहल की जाएगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि उनके अगस्त माह के वेतन (सितंबर में देय) से एनपीएस के लाभ की भी शुरुआत कर दी जाएगी। उन्होंने विभागीय कर्मियों को वर्ष 2013-14 का यूनिफॉर्म भत्ता जल्द देने की मांग पर भी अपनी सहमति दी है।