चंडीगढ़। त्योहारों के मौसम में पंजाब यूनिवर्सिटी का कैंपस इन दिनों बिल्कुल सूना नजर आ रहा है। दिवाली की छुट्टियों के चलते अधिकांश विद्यार्थी अपने-अपने घरों को लौट गए हैं, जिससे हॉस्टल, लाइब्रेरी और स्टूडेंट्स सेंटर जैसी चहल-पहल वाली जगहें अब सुनसान दिखाई दे रही हैं। आमतौर पर छात्रों से भरा रहने वाला स्टूडेंट्स सेंटर इन दिनों लगभग खाली है। वहीं, हॉस्टलों में भी मुश्किल से कुछ ही विद्यार्थी मौजूद हैं जो प्रोजेक्ट या परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। यूनिवर्सिटी की सेंट्रल लाइब्रेरी में भी सामान्य दिनों की तुलना में बहुत कम छात्र अध्ययन करते दिख रहे हैं। अधिकांश विद्यार्थी 20 अक्तूबर को दिवाली के बाद ही वापस कैंपस लौटेंगे। तब जाकर विश्वविद्यालय में दोबारा रौनक लौटने की उम्मीद है।
स्टूडेंट्स सेंटर और मार्किट की दुकानें भी खाली
पीयू कैंपस की मार्किट में काफी दुकानें हैं। इन पर रोजाना भीड़ रहती है। लेकिन इन दिनों में यहां भी कोई दिखाई नहीं दे रहा। इसके साथ ही स्टूडेंट्स सेंटर पर सभी दुकानों पर खाने की थाली और चाय के लिए भीड़ रहती है। आजकल इन दुकानों पर इक्का दुक्का विद्यार्थी हैं। जो दिख रहे हैं वह भी घरों को जाने की तैयारी में हैं। 23 को भाई दूज के बाद सभी विद्यार्थियों के वापस आने की संभावना है।