चंडीगढ़। आतंकी गोल्डी बराड़ के नाम से शहर के दो और नाइट क्लबों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद संचालकों में दहशत का माहौल है। इस धमकी ने एक तरफ क्लब संचालक परेशान हैं तो दूसरी ओर पुलिस की नींद उड़ गई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। फोन करने वाले ने क्लब संचालकों से करोड़ों की रंगदारी मांगी है। इसके साथ कहा है कि रंगदारी न देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। वहीं, क्लबों में बम धमाकों की चेतावनी दी है।
शहर के सेक्टर-26 स्थित डी''''ओरा और सेविले नाइट क्लब पर बम हमले को अभी 20 दिन ही हुए हैं। इसी बीच दो और क्लबों को बम से उड़ाने की धमकी से दहशत का माहौल है। ये धमाके 26 नवंबर को अल सुबह तीन बजे किए गए थे। इससे पहले 11 अक्टूबर को सेक्टर-10 स्थित कोठी नंबर 575 में हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया था। क्लब संचालकों ने इसकी मौखिक सूचना चंडीगढ़ पुलिस को दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी की मांग गोल्डी बराड़ ने की है या उसके नाम का कोई और इस्तेमाल कर रहा है। दहशत में क्लब मालिकों और कारोबारियों का कहना है कि चंडीगढ़ की स्मार्ट पुलिस गैंगस्टरों पर काबू नहीं पा रही है। शहरवासी दहशत में हैं।