हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के पांचवें आम चुनाव करवाने की मंगलवार को घोषणा के साथ, जिन क्षेत्रों में चुनाव होने हैं, उनमें मंगलवार से आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
राज्य की 21 जिला परिषद जिनमें सोनीपत, राई और मुरथल को शामिल नहीं किया गया, क्योंकि वहां वार्डबंदी का काम पूरा नहीं हुआ है। इनके अलावा 123 पंचायत समितियों के सदस्यों और 6197 ग्राम पंचायतों के चुनाव कराने का ऐलान राज्य चुनाव आयुक्त राजीव शर्मा ने मंगलवार को पंचकूला स्थित रेड बिशप में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए किया।
सोनीपत में नए सिरे के होगी वार्डबंदी
राजीव शर्मा ने बताया कि जिला सोनीपत में जिला परिषद के चुनाव इन तारीखों में नहीं करवाए जा रहे क्योंकि सोनीपत में नगर निगम बन जाने के बाद कुछ गांव नगर निगम में शामिल हो गए हैं। ऐसे में जिला परिषद के लिए नए सिरे से वार्डबंदी होगी।
इसी प्रकार जो गांव नगर निगम में शामिल हुए हैं, वह सोनीपत के 8 ब्लाक में से 3 ब्लाक के गांव हैं। इन ब्लाक में राई, मुरथल व सोनीपत शामिल हैं। अत: इन तीन ब्लाक में ब्लाक समिति के सदस्यों का चुनाव भी नहीं होगा क्योंकि ब्लाक समितियों की भी नए सिरे से वार्डबंदी होनी है।
इससे अलग सोनीपत जिले के 5 ब्लाक में पंचायत समिति और उन गांवों को छोड़कर जो नगर निगम में शामिल हुए हैं, शेष गांवों में पंच और सरपंचों के चुनाव करवाए जाएंगे।
इन 15 पंचायतों के लिए भी चुनाव नहीं
राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में 15 ऐसी पंचायतें हैं, जिनका 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा नहीं हुआ है। उनके चुनाव भी बाद में करवाए जाएंगे। इन पंचायतों में यमुनानगर जिले की छछरौली, रादौर व सढौरा, भिवानी जिले की सुधीबास व तोशाम, करनाल जिले की निसिंग (ग्रामीण), पंचकूला जिले में बेरवाल नांदला, फतेहाबाद जिले की जाखल मंडी, फरीदाबाद जिले के अटाली, पलवल जिले की हसनपुर, कुरुक्षेत्र जिले की समालखा, सोनीपत जिले की जाहरी, बढ़मलिक, अकबरपुर बरौटा और नसीरपुर बांगर शामिल हैं।