पंचकूला सेक्टर 7 के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं के छात्र की हत्या मामले में मंगलवार को परिजनों ने बवाल काटा और शिमला हाईवे जाम कर दिया। सोमवार को रंजिश के चलते चाकू गोदकर विकास की हत्या कर दी गई थी। इंसाफ के लिए विकास के परिवार, पड़ोसियों को सड़क पर उतरना पड़ा।
विकास के परिजन इकट्ठे हुए और दोपहर सवा दो बजे के करीब उसकी लाश को दिल्ली कालका हाइवे के बीच(सेक्टर 12ए के निकट) रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाया, लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस और स्कूल का स्टाफ आरोपियों के साथ मिला है। इसलिए अभी तक कारवाई तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नही की गई।
पुलिस को बोली बहनें- फांसी दोगे लिखकर दो
भाई के इंसाफ के लिए सड़क पर जोर-जोर से बिखलाती बहन को जब पुलिस प्रशासन ने शांत करवाने की कोशिश की तो दोनों ने जवाब में कहा कि वे आरोपियों को फांसी की सजा देंगे, लिखकर दें उसके बाद ही शव को सड़क से उठाएंगे।
मुख्य आरोपी सहित 10 आरोपी गिरफ्तार
आधा घंटा देरी से ही सही पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि उन्होंने अभी तक मुख्य आरोपी सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। भीड़ के साथ हाईवे पर एकत्रित हुए मृतक के परिजन आरोपियों को इनके सामने लाने की मांग कर रहे है, जो संभव नहीं है।
किसी ओर को बचाने के चक्कर में गई दोस्त की जान
विकास के जिगरी दोस्त युवेश ने बताया कि वह किसी ओर को बचाने गया था, जिसके चक्कर में आरोपियों ने उसकी छाती में चाकू मार दिया। उसकी तो कोई गलती भी नही थी। वह बहुत ही शरीफ व शांत लड़का था।
पिछले 8 सालों से विकास कर रहा था मंदिर में सेवा
सेक्टर 12ए मंदिर के पुजारी नीलकंठ ने बताया कि विकास पिछले आठ सालों से सुबह शाम मंदिर की सफाई व सेवा करने आता था। जिसकी मौत के दुःख में आज सेक्टर 12 ए के सभी निवासी रो रहे है।