सेहत खराब होने की वजह से पंचकूला नहीं पहुंची डेरे की चेयरपर्सन बिपासना को पंचकूला पुलिस ने वीरवार को फिर बुलाया है। माना जा रहा है कि इस दौरान हनीप्रीत-बिपासना को आमने सामने बिठाकर पूछताछ की जाएगी, जिसमें पंचकूला हिंसा से जुड़े तमाम पहलुओं पर खुलासा होगा।
25 अगस्त के बाद पुलिस के सामने पहली बार दोनों आमने सामने होंगी, जिसमें हिंसा की साजिश से जुड़ी सच्चाई सामने आएगी। हनीप्रीत से अब तक की पूछताछ में पुलिस को जितनी जानकारियां मिली हैं, उसकी पुष्टि भी बिपासना से पूछताछ में की जाएगी। हिंसा के दिन डेरे की चेयरपर्सन बिपासना और हनीप्रीत दोनों ही पंचकूला में थी। लेकिन इस दौरान दोनों अलग अलग जगहों पर थीं।
पूछताछ के दौरान पुलिस की कोशिश होगी कि बिपासना और हनीप्रीत से उन पहलुओं को खंगाला जाए, जिनपर अब तक कोई बड़ी जानकारी नहीं मिल सकी है। इसके तहत मोबाइल की बरामदगी, डेरे से हनीप्रीत के ताल्लुक और 26 अगस्त को जब हनीप्रीत वहां गई तो इस दौरान की बातचीत सहित तमाम पहलुओं को खंगाला जाएगा। दंगे की साजिश में गिरफ्तार हनीप्रीत से पूछताछ में हुए खुलासे के बाद यह मौका पुलिस के लिए भी बेहद अहम है, क्योंकि इसके बाद हनीप्रीत का रिमांड खत्म हो जाएगा।