राम रहीम के लिए 25 अगस्त को पंचकूला में हुई हिंसा के मामले में अब तक फरार आदित्य इंसा का सुराग दीजिए और ईनाम पाइए। पुलिस ने आदित्य सहित पांच आरोपियों पर ईनाम घोषित कर दिए हैं। आदित्य इंसां पर एक लाख रुपये जबकि फूल सिंह, राकेश, अमरीक सिंह और गोबी राम पर 50-50 हजार रुपये के इनाम घोषित किए गए हैं। हिंसा मामले के मास्टरमाइंड आदित्य इंसां के खिलाफ इनाम की राशि एक से बढ़ाकर दो लाख रुपये करने की डीजीपी से सिफारिश की गई है।
सभी आरोपियों के पोस्टर वहां के नाम चर्चा घरों के अलावा प्रमुख स्थलों पर चस्पा करवाए गए हैं, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी की जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश के शहरों में छापेमारी कर रही है। 25 अगस्त को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने जब डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार करने पर पंचकूला में हिंसा और आगजनी हुई थी। इसमें 35-36 लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने इस मामले में करीब 1100 आरोपियों को गिरफ्तार किया था जबकि हिंसा मामले में कुल 170 से अधिक एफआईआर दर्ज किए गए थे। हिंसा की साजिश के मुख्य आरोपी आदित्य इंसां सहित पांच आरोपियों में डेरा प्रमुख का पीए राकेश, ड्राइवर फूल सिंह के अलावा डेरे के दो नजदीकी सदस्य गोबी राम और अमरीक सिंह के नाम शामिल हैं। इनाम की घोषणा और पोस्टर जारी करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास और तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस की ओर से हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अहम ठिकाने और नाम चर्चा घरों पर इश्तहार चिपका दिए हैं। हिंसा मामले में पुलिस ने हनीप्रीत, पवन इंसां, दिलावर इंसां, सीपी अरोड़ा, चमकौर सिंह सहित कुछ अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लेकिन हिंसा के 125 दिन बाद भी मोस्ट वांटेड आदित्य इंसां सहित अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहे हैं। कोर्ट की फटकार के बाद फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके इश्तहार चिपकाने सहित इनाम जारी करने के बाद गिरफ्तारी की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ने लगी हैं।