पेटीएम से मनसा देवी के दरबार में सिर्फ 361 रुपये चढ़ावा
- फोटो : अमर उजाला
चैत्र नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं की आस्था के आगे केंद्र सरकार का डिजिटल इंडिया फीका पड़ गया। ऑनलाइन चढ़ावे की तुलना में नगदी का चढ़ावा बहुत अधिक रहा। इसके अलावा धातु सामग्रियों का चढ़ावा भी माता मनसा देवी के दरबार में चढ़ाया गया।
मंगलवार को मंदिर में भक्तों को आईटी/ऑनलाइन फ्रेंडली बनाने के लिए पेटीएम लगाया गया था। लेकिन भक्तों ने वर्षों से चली आ रही परंपरा से ही चढ़ावा चढ़ाया। ऐतिहासिक शक्ति पीठ मनसा देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने 31 चांदी और दो सोने के नग मां के चरणों में अर्पित किए। वहीं पेटीएम से महज 361 रुपये का चढ़ावा चढ़ा। जबकि मनसा देवी और कालका स्थितकाली माता मंदिर के दानपात्र में भक्तों ने 14 लाख 23 हजार 980 रुपये का चढ़ावा आया।
दुकानों पर भी नहीं दिखी ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा
मंदिर परिसर में अधिकतर प्रसाद की दुकानों में ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा नहीं दिखी। यूं तो प्रशासन लोगों को ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए प्रोत्साहित करता दिखा। लेकिन मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकानों पर ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा का अभाव रहा।