सेक्टर-19 के पास रेलवे ट्रैक का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रैक को डबलिंग करने वाली मशीन पटरी से अचानक उतर गई और खड्डे की तरफ झुक गई।
गनीमत रहा कि मशीन ट्रैक की तरफ नहीं झुकी, नहीं तो ट्रेन मशीन के चपेट में आ जाती। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मशीन के पटरी से उतरने के कुछ मिनट बाद ही रेलवे ट्रैक से ट्रेन गुजरी। मामले की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन की मदद से इसे उठाकर सीधा किया और फिर से काम शुरू हो सका। प्रत्यक्षदर्शी अंकुर, मनीष ने बताया कि उस समय वह घटनास्थल के पास ही खड़े थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही यह मशीन पटरी से उतरकर एक ओर को झुकी उसके कुछ ही मिनटों के बाद एक दूसरी ट्रेन इस ट्रैक से होकर गुजरी, हालांकि दोनों में थोड़ा फासला होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।