पहली बार देश भर में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जा रहा है। इसके तहत पंजाब की 6 पंचायतों को विशेष सम्मान मिलेगा। पीएम नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को जमशेदपुर, झारखंड के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दोपहर तीन बजे पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करेंगे।
इसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन व आल इंडिया रेडियो से किया जाएगा। इस दौरान पंजाब के पंचायत मेंबरों को सम्मानित भी किया जाएगा। ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री मोदी का संदेश सभी पंचायत मेंबर सुन सकें, इसके लिए पूरे इंतजाम किए जाएं। इस दौरान पंजाब के एक जिला परिषद, दो ब्लॉक समिति और छह ग्राम पंचायत मेंबरों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला परिषद बठिंडा, ब्लॉक समिति फूल और बलाचौर और ग्राम पंचायत आदमपुर भगता भाईका, जरखड़ डेहलों, अतरगढ़, विन्नीके चौगावां, खासा नडाला और बदरूखान शामिल हैं। इनकेअलावा मानसा की तामकोट को भी सम्मानित किया जाएगा। पंचायती राज दिवस पर पंचायत मंत्री मलूका का विशेष इंटरव्यू 23 अप्रैल को दोपहर 3.45 बजे जालंधर दूरदर्शन पर प्रसारित किया जाएगा।