हरियाणा सरकार ने राज्य चुनाव आयोग को पंचायती राज चुनाव 30 नवंबर तक कराने की मोहलत दे दी है। आयोग ने बीते दिनों चुनाव कराने की समय सीमा 30 सितंबर से बढ़ाकर नवंबर अंत तक करने का आग्रह सरकार से किया था। गुरुवार को विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल मलिक ने नई अधिसूचना जारी कर दी।
अब आयोग 30 नवंबर से पहले किसी भी समय चुनाव करा सकता है। कुरुक्षेत्र जिले की संभालखा ग्राम पंचायत में अभी चुनाव नहीं होंगे। प्रदेश में दिवाली के बाद नवंबर महीने में चार चरणों में चुनाव संभव हैं। आयोग ने पहले ही डीसी को प्रथम चरण में पंचायत समिति, दूसरे चरण में जिला परिषद, तीसरे चरण में सरपंच और चौथे चरण में पंच का चुनाव कराने के लिए पत्र लिखा हुआ है। चुनाव की घोषणा तक आयोग इसमें फेरबदल कर सकता है।
एससी, महिलाओं, अन्य वर्गों व बीसी-ए के लिए प्रदेश, पंचायत स्तर पर सीटें और वार्ड आरक्षित करने में देरी होने के कारण राज्य चुनाव आयोग ने 30 सितंबर तक पंचायती राज चुनाव कराने में असमर्थता जताई थी। इसके पीछे कुछ जिला परिषद और पंचायतों की वार्डबंदी लेट होने का तर्क भी दिया था। नई अधिसूचना के बाद आयोग को चुनाव संपन्न कराने के लिए पर्याप्त समय मिल गया है। जिलों में सीटें आरक्षित करने का काम अंतिम चरण में है।
दशहरा के बाद राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह किसी भी समय चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकते हैं। इसमें चुनाव की अधिसूचना जारी होने से लेकर नामांकन दाखिल करने, छंटनी, नाम वापसी, मतदान के दिन, पुनर्मतदान अगर जरूरी हुआ तो संभावित तारीख और मतगणना की तिथि घोषित होगी।
चुनाव घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो जाएगी। प्रदेश में एक हजार मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र बनेगा, उसमें चार कर्मचारी मौजूद रहेंगे। डीसी इसी हिसाब से पोलिंग कर्मचारियों की गणना कर रहे हैं। स्टाफ कम पड़ने पर आयोग जरूरत अनुसार कर्मचारी मुहैया कराएगा। इसलिए ही एक साथ न कराकर चार चरणों में मतदान कराने की तैयारी है।
30 अक्तूबर को भाजपा ने बुलाई अहम बैठक
हरियाणा में 10 अक्तूबर के आसपास पंचायत चुनाव की घोषणा की जा सकती है। चुनाव की नजदीकियों को देख भाजपा ने 30 अक्तूबर को एक अहम बैठक बुलाई है। इसमें सीएम मनोहर लाल और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ भी शामिल होंगे। चुनाव को लेकर भाजपा ने नौ सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी का चेयरमैन शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर को बनाया गया है। कमेटी चुनाव को लेकर की जाने वाली तैयारियों पर मंथन करेगी। साथ ही जिलेवार पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करेगी।
यह भी पढ़ें- बाप बना हैवान: नाबालिग बहनें बोलीं- मुंह में कपड़ा ठूंस पिता करता है दुष्कर्म, जबरन शराब व सिगरेट भी पिलाता है