पंजाब के प्रसिद्ध गायक और भंगड़ा डांसर परमजीत सिंह सिद्धू यानी पम्मी बाई अब नए अंदाज में दिखाई देंगे। वह मेरी जुगनी एलबम लेकर आ रहे हैं।
लाइव फोक स्टूडियो का यह एलबम आपको यू ट्यूब पर सुनने को मिलेगा। पंजाब कला भवन सेक्टर-16 में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पम्मी बाई के नए एलबम का पोस्टर हरजिंदर कौर ने रिलीज किया। लाइव फोक स्टूडियो द्वारा इसकी लांच यू ट्यूब पर की जाएगी। इस कैसेट का रिलीज पंद्रह जनवरी रखा गया है।
पम्मी बाई ने कहा कि इस कैसेट में आठ गीत हैं। इसमें मेरी जुगनी के संग एक गीत हिंदी और पंजाबी मिक्स है। इसको पांच म्यूजिशियन ने कंपोज किया है।
इसके म्यूजिक डायरेक्टर कुलजीत, पोप्सी, यूके, डा. डैनी जी, हरजीत गुड्डू, आर गुरू, संगीतकार देव त्रिकेयन वाला, राज काकड़ा, साहिब साबी, बलबीर निर्दोष, सोढ़ी दिल्लीवाला, धमेंद्र सराओ हैं।
उन्होंने कहा कि संगीत अब तेजी से प्रचारित किया जा सकता है। उसका कारण टेक्नोलॉजी का विस्तार होना है। इसके कारण अब पंजाब में शूट किया गया कोई भी एलबम कुछ ही पलों में कनाडा में देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का सबसे ज्यादा योगदान कलाकारों का प्रचार प्रसार करने मे है। पम्मी बाई ने कहा कि उनके इस एलबम में कई गीत हैं जिनकी लाइव परफार्मेंस रिकार्ड की गई है।
यू ट्यूब के माध्यम से इसको डाउनलोड किया जा सकता है। इस मौके पर पंजाब आर्ट्स काउंसिल के महासचिव निर्मल दत्त, लाइव फोक स्टूडियो के वित्तीय निदेशक एसआर शर्मा, लाइव फोक स्टूडियो के निदेशक सुखमिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
मेरी जुगनी लाइव है
पम्मी बाई ने कहा कि इस एलबम में गाई गई जुगनी लाइव है। लाइव फोक स्टूडियो की यह रिकार्डिंग काफी समय से चल रही थी। इसके लिए वह वर्ष 2012 से काम कर रहे हैं। अब जाकर यह काम पूरा हुआ है। पंद्रह जनवरी तक इसका कैसेट लांच किया जाएगा।