भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस को पाकिस्तान ने गुरुवार को बंद कर दिया। यह फैसला पाकिस्तान सरकार द्वारा दोनों देशों के बीच हुए तनाव के कारण लिया गया है। इसका सीधा असर दिल्ली से आए पाकिस्तान जाने वाले यात्रियों पर पड़ा। दिल्ली से समझौता एक्सप्रेस में 42 यात्री सुबह 6:00 बजे अटारी रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे।
इसके बाद सूचना मिली कि पाकिस्तान के वाघा रेलवे स्टेशन से चलकर दोपहर 12:00 बजे अटारी रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली समझौता एक्सप्रेस रद्द कर दी गई। आनन-फानन में अटारी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर अरविंद कुमार गुप्ता के कहने पर डीसी शिव दुलार सिंह ने पाकिस्तान और भारतीय अधिकारियों से बात कर गाड़ी का इंतजाम करा सभी यात्रियों को बस के रास्ते आईसीपी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर भेजा। जहां से वह पैदल पाकिस्तान चले गए। इन 42 यात्रियों में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल थे।