टूर्नामेंट का समापन समारोह 10 दिसंबर को दोपहर 3 बजे डेरा बाबा नानक में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह शिरकत करेंगे और विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में विजेता टीम को 25 लाख रुपए का नगद इनाम, उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 10 लाख रुपए की नगद इनामी राशि दी जाएगी।
खेल मंत्री ने बताया कि टूर्नामेंट के लिए वित्त विभाग से 5 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी मिल चुकी है। फिर भी, अगर कोई प्रायोजक टूर्नामेंट से जुड़ना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है। इस मौके पर एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (खेल) संजय कुमार, डायरेक्टर (खेल) संजय पोपली, डिप्टी डायरेक्टर (खेल) करतार सिंह, पंजाब कबड्डी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तेजिन्दर सिंह मिढ्ढूखेड़ा के अलावा कांग्रेस के प्रवक्ता रिम्पल मिड्डा भी उपस्थित थे।
यहां होगा मैचों का आयोजन
- 1 दिसंबर : सुल्तानपुर लोधी के श्री गुरु नानक देव जी स्टेडियम में उद्घाटन और चार मैच।
- 3 दिसंबर : श्री गुरु नानक देव जी स्टेडियम अमृतसर में दो मैच।
- 4 दिसंबर : श्री गुरु राम दास जी स्टेडियम गुरु हरसहाय जिला फिरोजपुर में दो मैच।
- 5 दिसंबर : स्पोर्टस स्टेडियम बठिंडा में दो मैच।
- 6 दिसंबर : पोलो ग्राउंड पटियाला में दो मैच।
- 8 दिसंबर : चरण गंगा स्टेडियम श्री आनन्दपुर साहिब में सेमीफाइनल मुकाबले।
- 10 दिसंबर : डेरा बाबा नानक जिला गुरदासपुर में फाइनल मैच और समापन समारोह।
सीधे प्रसारण के लिए सिर्फ एक टीवी चैनल आगे आया: सोढी
खेल मंत्री राणा सोढी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट के मैचों का सीधा प्रसारण पीटीसी नेटवर्क द्वारा किया जाएगा। यह पूछे जाने पर कि सिर्फ एक चैनल को यह अधिकार किन कारणों से दिया गया, खेल मंत्री ने कहा कि सीधे प्रसारण के अधिकार संबंधी खेल विभाग ने दो बार अखबारों में विज्ञापन जारी किया था लेकिन कोई भी टीवी नेटवर्क इसके लिए आगे नहीं आया। उन्होंने बताया कि दूसरी बार केवल पीटीसी नेटवर्क ने ही आवेदन किया, जिसके बाद एक बार फिर से विज्ञापन दिया गया लेकिन पीटीसी के अलावा किसी अन्य नेटवर्क ने आवेदन नहीं किया।