नेचर पार्क में शुक्रवार को पाकिस्तान पंजाब के सीएम मिया शाहबाज शरीफ के सम्मान में होने वाले डिनर के दौरान पुलिस का सुरक्षा पहरा काफी मजबूत रहेगा। 700 पुलिस जवान पार्क के आसपास के इलाके में तैनात रहेंगे। जबकि मेहमान सीएम की सुरक्षा का जिम्मा पाकिस्तान की पुलिस के जवान संभालेंगे।
यह फोर्स उनके साथ ही पाकिस्तान से आ रही है। मेहमानों के ‘रेड कारपेट वेलकम’ के लिए मुलाजिम एवं अफसरों की फौज पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है।
सेक्टर-62 में वाईपीएस स्कूल के पास स्थित नेचर पार्क में शुक्रवार रात यादगार डिनर होगा। वीरवार को पूरे दिन आयोजन स्थल पर तैयारियां चलती रहीं। नेचर पार्क को दुल्हन की तरह सजा दिया गया। पार्क में लाइटिंग इस तरह की गई है।
मानों पार्क के पेड़ों ने बर्फ की चादर ओढ़ रखी हो। इसके अलावा पार्क में डिनर के लिए चुनी गई जगह पर टैंट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई। महाराजा स्टाइल में वाटर प्रूफ टैंट लगाए जा रहे हैं। मेहमानों को पार्क की सर्दी से बचाने के लिए स्पेशल गजीबों लगाए जाएंगे। इसके लिए जगह फाइनल कर दी गई है।ॉ
साथ ही मेहमानों को जिस रास्ते से लाया जाना है। उसे भी तैयार कर दिया गया है। इस रास्ते के किनारों पर आकर्षक फूल व झूमर लाइट्स लगाई गई हैं। इसके अलावा अधिकारी डिनर से जुड़ी हर बात को सीक्रेट रख रहे हैं। हालांकि डिनर में कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। देर रात तक अधिकारियों की पार्को में मीटिंग चलती रही।
बटावली की कविताएं भी डिनर स्थल पर
डिनर स्थल पर कवि शिवकुमार बटालवी द्वारा लिखी गई कविताएं भी डिसप्ले की गई हैं। इसमें रुख कविता को आयोजन स्थल पर विशेष जगह दी गई है। कविता पंजाबी में लिखी गई हैं। कविता का शीर्षक कुछ रुख मैनूं पुत्त लगदे ने, कुछ रुख लगदे मांवां प्रमुख है।
सभी रास्ते रहेंगे बंद, बाईपीएस के सामने होगी एंट्री
पाकिस्तान से आने वाले मेहमानों की सुरक्षा के चलते तय किया गया है कि नेचर पार्क के शुक्रवार को सारे रास्ते बंद रहेंगे। केवल वाईपीएस स्कूल के सामने से ही पार्क में एंट्री होगी। शाम के समय आयोजन स्थल वाले हिस्से में लोगों के जाने पर मनाही रहेगी। इसके अलावा पुलिस द्वारा हर व्यक्ति पर नजर रखी जाएगी।
डिनर स्थल पर हर टीम रहेगी मौजूद
डिनर स्थल पर डॉक्टर से लेकर फायर विभाग तक की टीमें मौजूद रहेगी। सभी विभागों को टाइम से पहुंचने के आदेश दिए गए हैं। इस दौरान सभी विभागों के मुलाजिम अपनी-अपनी ड्रेस में दिखेंगे। साथ ही अधिकारियोें को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।