इन्वायरमेंट सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से शुरू किए सुखना में बतख वापसी के अभियान के दौरान शनिवार को पेंटिंग, स्लोगन और फोटोग्राफिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सेक्टर-36डी स्थित कला सागर में कई लोगों ने हिस्सा लिया। स्लोगन प्रतियोगिता में सेक्टर-33डी गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुकेश ने बाजी मारी।
मुकेश का स्लोगन था बतख बचाओ सुखना सजाओ। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में राहुल प्रथम, वैशाली गुलाटी द्वितीय व राजेश खुराना तीसरे स्थान पर रहे। इससे पहले इन्वायरमेंट सोसायटी के प्रेसिडेंट व पंचकूला-अंबाला डिवीजन के कमिश्नर डॉ. आरसी मिश्रा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सुखना के इको बैलेंस के लिए बतखों का आना जरूरी है। इससे सुखना की रौनक भी बढ़ेगी और पर्यटकों में भी इजाफा होगा। इस मौके पर नगर निगम पार्षद आशा जसवाल भी पहुंचीं।
इस दौरान बतखों से जुड़ी कई यादों को लेकर लोग पहुंचे और अपने अनुभवों को साझा किया। सोसायटी के एनके झिंगन ने बताया कि रविवार को लेक पर बतखों की वापसी के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। सोसायटी बतखों की वापसी के लिए पिछले दो हफ्ते से अभियान चला रही है।