एलांते मॉल के सामने की पेड पार्किंग का ओवरचार्जिंग का चालान काटा
नगर निगम ने एलांते मॉल के सामने की पेड पार्किंग का रविवार दोपहर को ओवरचार्जिंग का चालान काटा है। निगम के अनुसार यहां पर सीनियर डिप्टी मेयर देवेश मोदगिल पार्किंग में जब अपना वाहन पार्क करने लगे तो कर्मचारी ने उनसे दुर्व्यवहार किया।
उसके बाद मौके पर पार्किंग विंग के सब इंस्पेक्टर और स्टाफ पहुंचा। उन्होंने पार्किंग से बाहर निकलने वाले चालकों से जब पूछा तो पता चला कि कर्मचारियों ने चालकों से ओवरचार्जिंग की हुई थी। उधर, मनीमाजरा के रमेश्वर गिरि का कहना है कि वह सोमवार सुबह एलांते घूमने गए थे, जब उन्होंने अपनी कार एलांते के बाहर पेड पार्किंग में पार्क की तो उनसे 25 रुपये चार्ज किए गए। गिरी का कहना है कि एलांते की पेड पार्किंग के अंदर भी वाहन अव्यवस्थित तरीके से पार्क थे।
सीनियर डिप्टी मेयर देवेश मोदगिल ने बताया कि वह एलांते माल अपने निजी काम से गए थे, जब वह पेड पार्किंग में अपनी कार पार्क करने लगे तो उनसे शुल्क मांगा गया जबकि उनकी कार पर निशुल्क पार्किंग पास लगा हुआ था लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि यहां पर पास नहीं चलता। ऐसे में कर्मचारी ने उनसे बहसने लगे। उन्होंने 10 रुपये शुल्क देकर पर्ची भी कटवाई।
नीलम की पेड पार्किंग भी सरेंडर
सोमवार को 10वीं पेड पार्किंग भी सरेंडर हो गई है। अभी तक 9 ठेकेदार पेड पार्किंग चलाने से इंकार कर चुके हैं। मालूम हो कि जब से निगम ने पेड पार्किंग का चेकिंग अभियान चलाया है और ओवरचार्जिंग होने पर सेक्टर-35 सी के ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश की है, तब से ठेकेदार अपनी पेड पार्किंग सरेंडर कर रहे हैं। शहर में कुल 26 पेड पार्किंग हैं, जिनमें से 10 सरेंडर हो चुकी हैं।