शहर की प्रमुख पांच मार्केटों मार्च से लोगों को अपने वाहन खड़े करने पर जेब ढीली करनी पड़ेगी।
निगम ने शहर की पांच प्रमुख मार्केटों की पार्किंग को पेड करने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। पार्किंग के लिए कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं।
अगर सब कुछ सही रहा, तो फरवरी आखिर तक पार्किंग का काम संभालने वाली कंपनी का नाम फाइनल कर दिया जाएगा।
नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक इस दौरान फेज-10 मार्केट के चारों पार्किंग लॉट, फेज-7 मार्केट के तीनों लॉट, 3बी2 के तीनों लॉट, फेज-5 मार्केट के पांचों लॉट और फेज-9 मार्केट के चारों लॉट की पार्किंग पेड होगी।
फरवरी 15 के बाद निगम द्वारा कंपनियों की तकनीकी बीड खुलेगी। इस दौरान निगम द्वारा कंपनियों को अपनी शर्ते बताई जाएंगी।
साथ ही कंपनियों के सुझावों को सुना जाएगा। इस दौरान जो कंपनियां निगम की शर्तों पर खरी उतरेगी। उन्हें निगम द्वारा फाइनेंशियल बिड में शामिल किया जाएगा। साथ ही पार्किंग का ठेका सौंपने पर फैसला किया जाएगा।
दुकानदारों को बनवाने पड़ेंगे पास
जिन पांच मार्केटों की पार्किंग पेड करने की दिशा में निगम ने कार्रवाई शुरू की है। वहां के दुकानदारों को पार्किंग में अपनी गाड़ी पार्क करने के लिए पार्किंग पास बनवाने होंगे।
कार के लिए लिए मंथली पास 100 रुपये रहेगा। जबकि स्कूटर के लिए पचास रुपये के प्रति महीना की दर से पास बनाया जाएगा। ठेके में इसके चलते कंपनी को सब्सिडी तक दी गई है। निगम ने मार्केट आने वाले लोगों की गाड़ियों के लिए भी पार्किंग के रेट तय कर दिए हैं। कार, जीप एवं अन्य चार पहिया वाहनों के लिए पांच रुपये पार्किंग फीस तय की गई है।
गलत जानकारी दी तो कंपनी होगी ब्लैक लिस्ट
नगर निगम ने पार्किंग का ठेका देने के लिए कंपनियों के लिए नियम काफी कड़े रखे हैं। अगर कंपनी निगम अधिकारियों से धोखा करती है, तो कंपनी को ब्लैक लिस्ट तक किया जा सकता है। इसके बाद वह निगम के किसी भी काम में हिस्सा नहीं ले पाएगी।