शहर की 93 पेड पार्किंगों के टेंडर के लिए दोनों जोन में कुल 9 कंपनियों ने आवेदन किया है। सभी कंपनियों की शुक्रवार को टेक्निकल बिड खोली गई। चर्चा के बाद जल्द फाइनेंशियल बिड भी खोली जाएगी। इससे पूर्व बुधवार को प्री बिड में कंपनियों की ओर से आए प्रतिनिधियों ने टेंडर में कुछ सुझाव शामिल करने की बात रखी थी, लेकिन नगर निगम ने उनके सभी सुझाव खारिज कर दिए थे।
गौरतलब है कि नगर निगम ने शहर की पार्किंग को दो जोन में बांटकर टेंडर निकाला है। अभी तक जो कंपनियां सामने आई हैं उनमें कोई बड़ी कंपनी शामिल नहीं है। एक जोन के लिए 4 तो दूसरे जोन के लिए 5 कंपनियों ने आवेदन किए हैं। सभी पार्किंग को तीन माह में स्मार्ट बनाना है। अधिकारियों ने बताया कि एमसी ने अभी पास का रेट दोपहिया वाहन का 150 और कार का 300 रुपये रखा है। शुरुआत के चार घंटे तक दोपहिया वाहन चालक से पांच और कार चालक से 10 रुपये चार्ज किए जाएंगे। चार घंटे के बाद रेट दोगुने और 12 घंटे बाद रेट पहले स्लैब के मुकाबले में चार गुना हो जाएंगे।